
पटना, 20 जनवरी (पटना डेस्क) गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र के अमवां गांव में जमीन विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली हैवानियत का रूप ले लिया।

सिर्फ एक इंच जमीन के विवाद में एक ही परिवार के तीन सदस्यों—पति, पत्नी और ढाई साल के मासूम बेटे—पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।घायलों को आनन-फानन में मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पीड़ितों की पहचान राणाफुलेश्वर (35), उनकी पत्नी नीलू कुमारी (28) और पुत्र विष्णु कुमार (2.5) के रूप में हुई है।नीलू कुमारी ने बताया कि संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भसुर और जेठानी ने साजिश के तहत उनके कमरे में घुसकर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। नीलू ने कहा, “सिर्फ एक इंच जमीन के लिए हमें जिंदा जलाने की कोशिश की गई। पहले भी जान से मारने की धमकी दी जाती रही है।”आग लगते ही पीड़ितों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह तीनों की जान बचाई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।घायल राणाफुलेश्वर के पिता रामसेवक शाह ने आरोप लगाया कि इस घटना में उनके बड़े बेटे मुकेश कुमार, उसकी पत्नी कुसुम देवी और साले पंकज कुमार की भूमिका है।

बोधगया थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर बयान दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

