
समस्तीपुर, 23 जनवरी (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर महिला कल्याण संगठन एवं चिकित्सा विभाग, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में मंडल स्तर पर विशेष महिला स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में महिला कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य की गहन जांच कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का सराहनीय प्रयास किया गया।इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, महिला कल्याण संगठन की प्रतिनिधि एवं चिकित्सा विभाग के अनुभवी चिकित्सक उपस्थित रहे।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा कुल 84 महिलाओं की विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप जांच, मधुमेह परीक्षण, हीमोग्लोबिन जांच के साथ-साथ स्त्री-रोग संबंधी परामर्श भी शामिल रहा। आवश्यकता अनुसार महिलाओं को व्यक्तिगत चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव भी दिए गए।चिकित्सकों ने महिलाओं को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। महिलाओं ने शिविर को अत्यंत उपयोगी बताते हुए इस पहल की सराहना की।विदित हो कि भारतीय रेल अपने कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

ऐसे स्वास्थ्य शिविर न केवल बीमारियों की समय रहते पहचान में सहायक होते हैं, बल्कि महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं।महिला कल्याण संगठन एवं चिकित्सा विभाग द्वारा आयोजित यह शिविर महिला सशक्तिकरण, स्वस्थ कार्यसंस्कृति और सकारात्मक सामाजिक सोच की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

