
समस्तीपुर, 24 जनवरी ( समस्तीपुर डेस्क) वर्षों पुरानी कहावत है कि जिसका कोई नहीं होता, उसका भगवान होता है, और इस कहावत को साकार कर दिखाया है उजियारपुर प्रखंड के भगवानपुर कमला गांव निवासी चर्चित युवा समाजसेवी व गरीबों के मसीहा भाई राजू सहनी ने। भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती के अवसर पर उन्होंने चार दिवसीय कंबल वितरण अभियान की शुरुआत कर मानवता की मिसाल पेश की है।समाजसेवी राजू सहनी द्वारा 23 जनवरी से 27 जनवरी तक जिले भर में हजारों जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण का लक्ष्य रखा गया है।

शुक्रवार को भगवानपुर कमला पंचायत भवन स्थित रायपुर मैदान में भव्य वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां भगवानपुर कमला, रायपुर, उजियारपुर, परोरिया, चांदचौर करिहारा, निकसपुर, लखनीपुर महेशपट्टी, गावपुर, सातनपुर, पतैली पूर्वी-पश्चिमी, रामचंद्रपुर अंधैल, बेलारी समेत करीब डेढ़ दर्जन पंचायतों के हजारों लोगों को कंबल दिए गए।इसके बाद राजू सहनी समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और हाड़ कंपाती ठंड में स्टेशन परिसर, बस पड़ाव और सड़कों के किनारे रहने वाले गरीब, असहाय और फुटपाथी लोगों के बीच कंबल का वितरण किया।

रात में कंबल पाकर लोगों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ नजर आई। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने इसे साहसिक और पुण्य कार्य बताया।इस मौके पर राजू सहनी ने कहा कि गरीबों और असहायों की सेवा ही उनका धर्म है। वे पिछले सात वर्षों से लगातार ठंड के मौसम में सार्वजनिक स्थलों पर जरूरतमंदों के बीच कंबल और गर्म कपड़े बांटते आ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने उनके इस कार्य की जमकर सराहना करते हुए कहा कि इस कड़कती ठंड में राजू सहनी गरीबों के लिए किसी भगवान से कम नहीं हैं।

