
दरभंगा, 27 जनवरी (अजय राय) दरभंगा जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जयंतीपुर गांव में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो गुटों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सूचना मिलते ही बेनीपुर एसडीपीओ समेत कई थानों की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने में जुट गई।

पूरे गांव को एहतियातन पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।जानकारी के अनुसार, रविवार को सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान पहले बाइक को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई थी। बाद में डीजे बजाने को लेकर विवाद और गहरा गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डीजे पर ‘जय श्री राम’ के नारे बजने पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई थी। उस वक्त पुलिस और ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत करा दिया गया और डीजे वापस भेज दिया गया। हालांकि, सोमवार शाम को एक बार फिर विवाद भड़क उठा और देखते ही देखते एक पक्ष की ओर से भारी पथराव शुरू हो गया।

पत्थरबाजी के कारण सड़क पर ईंट-पत्थर बिखर गए और कई दुकानों को नुकसान पहुंचा। घटना की पुष्टि करते हुए एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि शुरुआती विवाद बाइक को लेकर था, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा। स्थिति पर नजर रखने के लिए अलीनगर, बहेड़ा, सकतपुर और बिरौल थाने की पुलिस के साथ एसडीपीओ मौके पर कैंप कर रहे हैं।पुलिस के अनुसार फिलहाल हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं, लेकिन एक पक्ष के लोगों में अभी भी आक्रोश देखा जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

