
बक्सर, 27 जनवरी (विक्रांत) 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दानापुर रेल मंडल में देशभक्ति का उत्साह चरम पर नजर आया। मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद कुमार ने जगजीवन स्टेडियम के प्रांगण में आयोजित भव्य समारोह में झंडोत्तोलन किया। इसके बाद उन्होंने रेल सुरक्षा बल, स्काउट एवं गाइड तथा रेलवे स्कूल के बच्चों द्वारा की गई परेड की सलामी ली। कार्यक्रम के दौरान गणतंत्र के संदेश के प्रतीक स्वरूप रंग-बिरंगे गुब्बारों को आसमान में छोड़ा गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने दानापुर रेल मंडल की हालिया उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया और कहा कि यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और आधारभूत ढांचे के विकास में मंडल ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने रेलकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन का आह्वान किया।समारोह के दौरान मंडल कला सांस्कृतिक संघ तथा स्काउट एवं गाइड के सदस्यों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। झांकी में चिनाब नदी पर बने विश्व प्रसिद्ध चिनाब ब्रिज की झलक आकर्षण का केंद्र रही।

इसके साथ ही देश के वीर सपूत तिलका मांझी पर आधारित नाटक का मंचन किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।इस अवसर पर मंडल के सभी कार्यालयों, मंडल अस्पताल, संस्थानों, डिपो और स्टेशनों पर भी झंडोत्तोलन किया गया। समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक राजीव कुमार सहित सभी अधिकारी, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, रेलकर्मी और यूनियन प्रतिनिधि मौजूद रहे।

