
बक्सर, 28 जनवरी (विक्रांत) बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में आज माननीय कृषि मंत्री, बिहार सरकार श्री राम कृपाल यादव का भ्रमण कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय, प्रेरणादायी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

उनके साथ माननीय विधान परिषद सदस्य डॉ. एन. के. यादव तथा भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त श्री अवनीश कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय परिसर में आगमन पर कर्पूरी सभागार के मुख्य द्वार पर पारंपरिक विधि से अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया, जिससे संपूर्ण परिसर में उल्लास का माहौल बन गया।भ्रमण के दौरान माननीय कृषि मंत्री ने सभागार परिसर में लगाए गए भौगोलिक संकेत उत्पादों एवं आधुनिक कृषि तकनीकों पर आधारित स्टॉलों का गहन अवलोकन किया।

वैज्ञानिकों ने विश्वविद्यालय में विकसित नवाचारों, अनुसंधान कार्यों और किसान हितैषी तकनीकों की जानकारी दी, जिस पर मंत्री जी ने विशेष रुचि दिखाते हुए सराहना की।इसके पश्चात कर्पूरी सभागार में आयोजित मंचीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। माननीय कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने अतिथियों का औपचारिक स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, एनएबीएल मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं, अनुसंधान, तकनीक हस्तांतरण और किसान-उन्मुख कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।

विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म “सफरनामा” का प्रदर्शन किया गया, जिसमें वर्ष 2010 से 2025 तक की उपलब्धियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके बाद सामाजिक सरोकारों पर आधारित फिल्म “नन्हीं उम्मीदें”, खजूर नीरा उत्पाद, राष्ट्रीय मृदा मानचित्र योजना तथा विश्वविद्यालय की पुस्तकों एवं न्यूज लेटर का लोकार्पण किया गया।
आयुक्त श्री अवनीश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय को क्षेत्रीय कृषि विकास का सशक्त केंद्र बताया। वहीं कृषि मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने कहा कि बिहार कृषि विश्वविद्यालय राज्य में कृषि नवाचार और किसानों की आय वृद्धि की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।कार्यक्रम के अंत में लाभुकों के बीच उपादानों का वितरण, स्मृति-चिह्न भेंट, धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

