
पटना, 30 जनवरी (सेंट्रल डेस्क) गया स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आयोजित भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा शुक्रवार को समारोहपूर्वक संपन्न हो गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हिरण कुमार सिंह (डॉ. एच. के. सिंह) ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है।

यह कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. सिंह के नेतृत्व में सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद नफीस, कैंपस प्रभारी प्रो. विनोद कुमार, प्रो. सौरभ कुमार एवं प्रो. सन्नी कुमारी के संरक्षण और मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। भूकंप सुरक्षा पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ-साथ आम जनमानस को भूकंप से होने वाले संभावित खतरों, सुरक्षा उपायों एवं आपदा प्रबंधन के प्रति सजग करना रहा। कार्यक्रम के दौरान भूकंप जागरूकता पर आधारित विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गई।

विशेष रूप से विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत अभिनय कार्यक्रमों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही संस्थान परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में छात्रों ने जागरूकता रैली निकालकर आम लोगों को भूकंप के दौरान सतर्क रहने का संदेश दिया। पखवाड़े के अंतर्गत व्याख्यान श्रृंखला का भी आयोजन किया गया, जिसमें पीपीटी के माध्यम से भूकंप से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की गई।

प्राध्यापकों ने भूकंप के समय अपनाए जाने वाले व्यावहारिक सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को नाश्ता प्रदान कर किया गया, जिससे पूरे आयोजन का वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा।

