
पटना, 01 फरवरी (अविनाश कुमार) पटना से सटे बिहटा में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। भोजपुर जिले के एक ही परिवार के छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी लोग मनेर उर्स मेला घूमकर ऑटो से अपने घर लौट रहे थे।

तभी बिहटा के लेखन टोला के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भयावह थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और कुछ यात्री उसी में फंस गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।पुलिस के अनुसार मृतकों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।

हादसे में घायल तीन लोगों में दो बच्चे भी बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।हादसे के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

