
बक्सर, 01 फरवरी (डेस्क) बक्सर जिले की डुमरांव थाना ने रविवार को पूर्णिमा के अवसर पर लाल गंज कड़बी की दलित बस्ती से सामाजिक जागरुकता अभियान का आगाज किया। अभियान का संदेश था – “शराब मुक्त बस्ती, खुशहाल बस्ती”, जिसे लेकर थाने ने अनूठा उदाहरण पेश किया।

डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में निकले इस अभियान में स्थानीय नागरिकों के साथ नगर परिषद के जनप्रतिनिधि और कई गणमान्य भी शामिल रहे। अभियान का मकसद था नागरिकों को शराब के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना।थानाध्यक्ष सिन्हा ने कहा कि शराब की लत न केवल व्यक्तिगत जीवन को बर्बाद करती है, बल्कि घरेलू हिंसा, आर्थिक संकट और अपराध की ओर भी धकेलती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक व्यक्ति में व्याप्त नशे की आदत पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। उन्होंने बताया कि नशा मुक्त समाज ही स्वस्थ, सुरक्षित और विकासशील समाज की नींव रखता है।

जागरूकता अभियान में नगर परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष विकास कुमार ठाकुर, अशोक कुमार राय, गोकूल प्रसाद केशरी, आकाश कुमार, रवि राय, घनश्याम राय और दर्जनों स्थानीय नागरिक शामिल हुए।स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरक कदम बताया। अभियान ने पुलिस और जनता के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध को भी मजबूती दी। डुमरांव थाना का यह कदम न सिर्फ शराब के दुष्प्रभावों के खिलाफ संदेश देने वाला है, बल्कि यह दिखाता है कि छोटे स्तर पर सामाजिक जागरूकता अभियान का यही सटीक कदम है।

