
बक्सर, 4 फरवरी (विक्रांत) जिले के दुल्लहपुर गांव में नव निर्मित भगवान सूर्य नारायण मंदिर में आस्था और उत्साह चरम पर है। मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान आगामी 6 फरवरी को विधिवत संपन्न होगा, जबकि इसी अवसर पर आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के तहत 8 फरवरी को भव्य भंडारे का आयोजन सुनिश्चित किया गया है। धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर गांव सहित आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।

बुधवार को बक्सर सदर के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी अपने मित्रों के साथ महायज्ञ स्थल पर पहुंचे और भगवान सूर्य नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना कर माथा टेका। पूर्व विधायक ने कहा कि भगवान सूर्य सत्य के प्रतीक हैं और उनका आशीर्वाद समस्त मानव जाति को समान रूप से प्राप्त होता है। सूर्य उपासना से जीवन में ऊर्जा, सकारात्मकता और कल्याण की प्राप्ति होती है।

इस अवसर पर जिले के प्रथम नव निर्मित भगवान सूर्य नारायण मंदिर में दर्शन के लिए आइआइटी पटना के निदेशक सह दुल्लहपुर निवासी डॉ. पी.एन. सिंह, पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एच.के. सिंह समेत कई गणमान्य लोग पहुंचे।प्राण प्रतिष्ठा समारोह एवं श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ समिति के प्रमुख सदस्य बिंध्यांचल सिंह, भोला सिंह तथा दुल्लहपुर के पूर्व मुखिया सह जिला पार्षद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील सिंह ने बताया कि भंडारे में सभी सामान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।

मानव कल्याण के उद्देश्य से श्री प्रपन्नाचार्य के नेतृत्व में मंत्रोच्चारण के साथ महायज्ञ अनुष्ठान निरंतर जारी है, जिसमें धर्मानुरागियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।

