
गोपालगंज, 05 फरवरी (निज संवाददाता) जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सहूलि गांव में तिलक के समारोह के दौरान दहेज में 10 हजार रुपये कम देने को लेकर उपजे विवाद ने बुधवार की रात हिंसक रूप ले लिया। तिलक में तय राशि से 10 हजार रुपये कम चढ़ाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल की पहचान बंधौरी गांव निवासी स्वर्गीय फूलदेव राय के पुत्र ओमप्रकाश राय के रूप में की गई है। चिकित्सकों के अनुसार, उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार,बंधौरी गांव निवासी हरेंद्र राय अपनी बेटी की शादी सहूलि गांव में तय किये थे। जिसमें बुधवार की रात तिलक समारोह का आयोजन किया गया था।

कार्यक्रम के दौरान प्रारंभिक रस्में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही थीं,लेकिन तिलक की राशि कम होने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।बताया जाता है कि विवाद बढ़ते-बढ़ते गाली-गलौज और फिर मारपीट में तब्दील हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने लड़की के चाचा ओमप्रकाश राय को अकेला पाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वही घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

