
पटना, 05 फरवरी (सेंट्रल डेस्क) वर्तमान दौर में पढ़ाई और करियर को लेकर बढ़ते मानसिक तनाव, सामाजिक व पारिवारिक दबावों के बीच छात्रों को राहत दिलाने की दिशा में गया स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज ने सराहनीय पहल की।

गुरुवार को कॉलेज परिसर में मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन दिवस के अवसर पर विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जिसका लाभ छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने भी उठाया।शिविर का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हिरन कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारी संस्थान परिवार से भास्कर भाई जी, बबीता दीदी, रेखा दीदी, श्रेया दीदी एवं मालती दीदी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं।

अतिथियों ने योग, ध्यान एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से मानसिक तनाव से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।इस अवसर पर छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। इससे पूर्व प्राचार्य डॉ. सिंह ने आगत अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में पढ़ाई, करियर और पारिवारिक अपेक्षाओं के कारण तनाव बढ़ रहा है, लेकिन सही सोच, आत्म-अनुशासन और मेडिटेशन से मानसिक संतुलन संभव है।

कार्यक्रम के दौरान ध्यान-योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रेरक वीडियो भी प्रदर्शित किए गए। शिविर छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत साबित हुआ।

