
बक्सर, 07 फरवरी (विक्रांत) जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में ब्रह्मपुर महोत्सव, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव और विश्वामित्र महोत्सव के आयोजन से संबंधित बैठक संपन्न हुई।

बैठक में सभी पदाधिकारियों को आगामी आयोजनों की तिथियों और व्यवस्थाओं के बारे में अवगत कराया गया।निर्धारित तिथियाँ इस प्रकार हैं: विश्वामित्र महोत्सव – 21 फरवरी 2026 ब्रह्मपुर महोत्सव – 28 फरवरी 2026 उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव – 21 मार्च 2026बैठक में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक महोत्सव में स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित होगी।

ऑडिशन के लिए प्रतिभागियों को 14 फरवरी तक आवेदन जमा करना होगा, जिनकी न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को तीनों महोत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा।जिला जनसंपर्क पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को महोत्सव का प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया। कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर को किला मैदान की सफाई और चलंत शौचालय लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सिविल सर्जन बक्सर ने फर्स्ट एड, एंबुलेंस और चिकित्सकों की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने फायर टेंडर और अग्नि दलों की तैनाती का निर्देश प्राप्त किया।तीनों महोत्सव में लोक नृत्य, नृत्य नाटिका, लोक संगीत और गजल जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर सदर एवं डुमरांव कार्यक्रम स्थल पर कड़ी सुरक्षा और विधि व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।यह बैठक तीनों महोत्सव को सफल, सुरक्षित और सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

