
पटना, 10 फरवरी (अविनाश कुमार) बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) CSBC ने मद्य निषेध सिपाही और जेल वार्डर (कक्षपाल) भर्ती में पदों की संख्या बढ़ा दी है। ताजा अपडेट के बाद इन भर्तियों में कुल रिक्तियां बढ़कर करीब 4,236 हो गई हैं, जिससे हजारों अभ्यर्थियों की उम्मीदें फिर से जगी हैं।मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में सिपाही के लिए पहले 1,685 पद निर्धारित थे, जिनमें अब 12 नए पद जोड़े गए हैं।

इसके साथ ही कुल पदों की संख्या 1,697 हो गई है। इन पदों का वेतनमान लेवल-3 रखा गया है। खास बात यह है कि इनमें से 554 पद बिहार की मूल निवासी महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।वहीं कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय के अंतर्गत कक्षपाल पदों में भी इजाफा हुआ है। पहले घोषित रिक्तियों में अनुसूचित जाति श्रेणी के 14 नए पद जोड़े गए हैं, जिससे कुल संख्या बढ़कर 2,431 हो गई है। इन पदों का वेतनमान भी लेवल-3 है। इस भर्ती में सीधी नियुक्ति के साथ गृह रक्षक और भूतपूर्व सैनिकों के लिए अलग कोटा निर्धारित है।तीसरे पद में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इसके 108 पद पहले की तरह ही रहेंगे और इनका वेतनमान लेवल-2 होगा।तीनों भर्तियों की चयन प्रक्रिया लगभग समान होगी। पहले 10वीं स्तर की 100 अंकों की लिखित परीक्षा होगी, जिसमें न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य है। इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी, जिसके अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इंटरव्यू नहीं लिया जाएगा। दूसरे राज्यों के अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, लेकिन उन्हें आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा।

