समस्तीपुर (अशोक “अश्क”) रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे ने पूर्णिया से पटना के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की है। हालांकि अभी तक इसके आधिकारिक रूट की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संभावित मार्ग में खगड़िया, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर के नाम शामिल हैं। सूत्रों की मानें तो वंदे भारत ट्रेन को सहरसा-खगड़िया मार्ग होते हुए पटना तक लाने की तैयारी चल रही है।

यदि यह ट्रेन खगड़िया होकर समस्तीपुर से गुजरती है, तो समस्तीपुर के यात्रियों को पटना तक यात्रा के लिए एक नया, तेज और आधुनिक विकल्प मिल जाएगा। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि सफर भी अधिक आरामदायक और सुविधाजनक होगा।
यात्रियों का कहना है कि समस्तीपुर जंक्शन से वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेन सेवा की शुरुआत से न केवल पटना, बल्कि अन्य बड़े शहरों से भी कनेक्टिविटी बेहतर होगी। नमो भारत रैपिड रेल के बाद वंदे भारत जैसी हाई-स्पीड ट्रेन का अनुभव यात्रियों के लिए बेहद खास होगा।
फिलहाल रेलवे द्वारा इस ट्रेन के रूट की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। एक बार रूट तय हो जाने के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि समस्तीपुर वंदे भारत के नेटवर्क से जुड़ेगा या नहीं। यदि ऐसा होता है, तो यह जिले के लिए एक बड़ी सौगात होगी और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जाएगा।

