
मधुबनी, 16 फरवरी ( आशीष राय) बिहार के मधुबनी जिले में रविवार देर शाम पुलिस और हत्या के आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। राजनगर थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान हुई इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी मोहम्मद अरशद के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि 10 फरवरी को राघोपुर बलाट के समीप जयराम मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह मधुबनी जा रहे थे। वारदात के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी और विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही थी।रविवार को गुप्त सूचना मिली कि मोहम्मद अरशद दो साथियों के साथ बाइक से गुजरने वाला है।

पुलिस ने रामपट्टी–बलाट रोड पर घेराबंदी की। रोकने पर अरशद ने देसी पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में चली गोली उसके पैर में लगी, जबकि उसके दोनों साथी फरार हो गए।पुलिस ने मौके से लोडेड देसी पिस्तौल बरामद की है। राजनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर पूछताछ जारी है। आरोपी पर लूट और चोरी समेत कई मामले पहले से दर्ज बताए जा रहे हैं।

