पटना (अशोक “अश्क”) बिहार विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक दलों के लिए इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रियता बढ़ गई है। फेसबुक, एक्स और यूट्यूब जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी उपस्थिति बढ़ाने के लिए सभी प्रमुख दल एआई से बने वीडियो का उपयोग कर रहे हैं। इन वीडियो के माध्यम से वे वोटरों को लुभाने और अपनी राजनीतिक विचारधारा को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने की कोशिश कर रहे हैं। राजग और महागठबंधन दोनों गठबंधनों के घटक दल इस क्षेत्र में एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। इसके अलावा, जनसुराज, जिसकी स्थापना प्रशांत किशोर ने की है, भी इस डिजिटल मोर्चे पर पीछे नहीं है और इंटरनेट मीडिया का भरपूर उपयोग कर रहा है।

जनसुराज पार्टी फेसबुक पर 21 लाख फॉलोअर्स के साथ बिहार में सबसे अधिक फॉलोअर्स वाली पार्टी बन चुकी है। वहीं, एक्स पर भी पार्टी के दो लाख फॉलोअर्स हैं। इसके अलावा, राष्ट्रीय जनता दल 24 लाख समेकित फॉलोअर्स के साथ बिहार का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनकर उभरा है। इसमें से 13 लाख से अधिक फॉलोअर्स फेसबुक पर हैं और 11 लाख से ज्यादा लोग एक्स पर पार्टी को फॉलो करते हैं।
भारतीय जनता पार्टी भी सोशल मीडिया पर सक्रिय है और वोटरों को लुभाने के लिए एआई से बने वीडियो साझा कर रही है। इनमें एक ओर जहां बिहार में बदलाव दिखाए जा रहे हैं, वहीं दूसरे तरफ पुराने “जंगलराज” के दौर की याद भी दिलाई जा रही है। भाजपा की सोशल मीडिया टीम रोज औसतन 18 से 24 पोस्ट करती है, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे की वीडियो भी शामिल हैं।
जदयूभी सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बढ़ा चुका है। जदयू ने पिछले कुछ महीनों में लगभग 24 से 28 पोस्ट प्रतिदिन किए हैं। इन पोस्ट्स में नीतीश कुमार के 20 सालों के शासनकाल के दौरान हुए विकास कार्यों को प्रमुखता दी जा रही है। इसके लिए एआई वीडियो का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, जिनमें जदयू के नेताओं की सकारात्मक छवि को प्रस्तुत किया जा रहा है।
राजद की सोशल मीडिया रणनीति में तेजस्वी यादव की छवि प्रमुख रूप से दिखाई देती है। उनके भाषण और जनसंपर्क की वीडियो क्लिप्स को शेयर किया जा रहा है, जिसमें बेरोजगारी और अन्य मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की जा रही है। रोजाना औसतन 16 से 18 पोस्ट किए जा रहे हैं।
बिहार कांग्रेस फेसबुक पर सबसे अधिक सक्रिय दलों में से एक है। कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी की “वोटर अधिकार यात्रा” को प्रचारित कर रही है। हर दिन औसतन 50 से अधिक पोस्ट किए जा रहे हैं, जिनमें राहुल गांधी के भाषण और यात्रा को प्रमुखता दी जाती है। एआई वीडियो का इस्तेमाल पेपर लीक और वोट चोरी जैसे मुद्दों पर किया जा रहा है।
प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज भी सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय है। पार्टी के फेसबुक पेज पर प्रशांत किशोर का चेहरा प्रमुखता से नजर आता है। उनके जनसंपर्क और बयानों की वीडियो को हर दिन औसतन 15 से 20 बार पोस्ट किया जा रहा है। इसके अलावा, पार्टी द्वारा नरेन्द्र मोदी, नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के बयानों का उनकी अपनी प्रतिक्रियाओं से तुलनात्मक वीडियो भी साझा किए जा रहे हैं।
बिहार के चुनावी परिप्रेक्ष्य में इंटरनेट मीडिया का प्रभाव तेजी से बढ़ता जा रहा है। राजनीतिक दल सोशल मीडिया का इस्तेमाल अपने समर्थकों को जोड़ने और विरोधियों के खिलाफ डिजिटल प्रचार के लिए कर रहे हैं। एआई तकनीक के जरिए बनाई गई वीडियो सामग्री चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बन चुकी है, और यह आगामी विधानसभा चुनावों में एक प्रमुख भूमिका निभाने वाली है।

