
पटना, 19 फरवरी (विक्रांत) रेल कर्मचारियों और अधिकारियों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस आवास उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्व मध्य रेल ने बड़ा कदम उठाया है। इस महत्वाकांक्षी योजना पर मुख्यालय हाजीपुर में महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें परियोजना के हर पहलू पर विस्तृत चर्चा की गई।प्रस्ताव के अनुसार महेंद्रूघाट, पटना में निर्माण विभाग के लिए अतिरिक्त कार्यालय भवन के साथ टाईप-4 के 12 और टाईप-3 के 88 रेल आवास बनाए जाएंगे।

टाईप-4 टावर 6 मंजिला होगा, जिसमें प्रत्येक तल पर 2 फ्लैट होंगे। वहीं टाईप-3 के लिए 11-11 मंजिल के दो टावर बनेंगे, जिनके हर फ्लोर पर 4 आवास होंगे। परिसर में 200 वाहनों की पार्किंग, फायर फाइटिंग टैंक, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, डीजल जेनरेटर और केंद्रीकृत पैनल रूम जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।इसके अलावा करबिगहिया, पटना में मुख्यालय के अधिकारियों के लिए 56 नए रेल आवासों का निर्माण प्रस्तावित है।

टाईप-5 के 7 मंजिला टावर में प्रत्येक तल पर 4 फ्लैट होंगे, जबकि टाईप-6 के दो टावरों में 7-7 मंजिल और हर फ्लोर पर 2 आवास होंगे। यहां 196 गाड़ियों की पार्किंग के साथ 8 दुकानें और एक रेस्टोरेंट भी बनाया जाएगा।रेल प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना कर्मचारियों के जीवन स्तर को नई ऊंचाई देगी और पटना में आधुनिक रेल आवास की नई पहचान स्थापित करेगी।

