
पटना, 24 फरवरी (अविनाश कुमार) पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में सियासी पारा चरम पर है। एबीवीपी की अध्यक्ष पद की उम्मीदवार अनुष्का का रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अनुष्का फफक-फफक कर रोती नजर आ रही हैं और विरोधियों पर उनके चरित्र पर सवाल उठाने का गंभीर आरोप लगा रही हैं। अनुष्का का कहना है कि वे मुद्दों की लड़ाई लड़ रही हैं, लेकिन विरोधी व्यक्तिगत हमले कर रहे हैं और गलत अफवाहें फैला रहे हैं। वीडियो में उनके साथ खड़े कुछ छात्र उन्हें ढांढस बंधाते दिखते हैं।

वे कहते सुनाई दे रहे हैं, “चुनाव में ऐसा होता है, तुम परेशान मत हो, हम साथ हैं।” अनुष्का उन्हें ‘भईया’ कहकर संबोधित करती हैं, जिस पर छात्र जवाब देते हैं कि अब वे मजबूती से उनके साथ खड़े रहेंगे।गौरतलब है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने अध्यक्ष पद के लिए अनुष्का को उम्मीदवार बनाया है। टिकट वितरण को लेकर संगठन के नया टोला स्थित कार्यालय में पहले ही मारपीट हो चुकी है।

सूत्रों के अनुसार, विवाद के दौरान फायरिंग की भी चर्चा रही और मामले में पीरबहोर थाने में एफआईआर दर्ज की गई।इधर, नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने शांतनु को मैदान में उतारकर मुकाबला रोचक बना दिया है। छात्र जदयू से प्रिंस कुमार और राजद से संटू कुमार भी ताल ठोक रहे हैं। चार बागी उम्मीदवारों के निर्दलीय उतरने से मुकाबला बहुकोणीय हो गया है। ऐसे में अध्यक्ष पद की जंग इस बार बेहद कांटे की होने के आसार हैं।
















