
बक्सर, 25 फरवरी (विक्रांत) चक्की प्रखंड के चून्नीडेरा गांव में संदिग्ध अवस्था में मृत पाई गई युवती के परिवार और ग्रामीणों से भाकपा-माले की पांच सदस्यीय टीम ने आज मुलाकात की। टीम का नेतृत्व माले के वरिष्ठ नेता और अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला सचिव सह मणियां मुखिया प्रतिनिधि रामदेव सिंह यादव कर रहे थे।

उनके साथ ऐपवा जिला अध्यक्ष रेखा देवी, ऐपवा जिला सचिव सांध्या पाल, अखिल भारतीय खेत ग्रामीण मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष कन्हैया पासवान, जिला सह सचिव बीरबहादुर पासवान और ऐपवा नेता पूजा यादव भी मौजूद थे।टीम ने मृत युवती के परिजनों को न्याय मिलने तक हर कदम पर साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। उन्होंने मृतका के हत्यारों की तुरंत गिरफ्तारी और कड़ी सजा देने की मांग की, साथ ही परिवार की सुरक्षा और निर्दोष ग्रामीणों को जांच के नाम पर प्रताड़ित न करने की मांग भी की।

कामरेड रामदेव सिंह यादव ने कहा कि बिहार में महिलाओं के साथ अन्याय, हत्या और बलात्कार की घटनाएं आम होती जा रही हैं। नीतीश सरकार संवेदनहीन बनी हुई है, जबकि नीट छात्रा, किरनी छात्रा और चून्नीडेरा युवती जैसी सैकड़ों घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चून्नीडेरा युवती को न्याय दिलाना अत्यंत आवश्यक है, दस दिन गुजर जाने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

