
पटना, 27 फरवरी (अविनाश कुमार) बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर गुरुवार तड़के ऐसा रोमांचक और दिल दहला देने वाला दृश्य सामने आया, जिसने वहां मौजूद हर शख्स की सांसें थाम दीं। चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसा एक यात्री मौत के मुंह में समाने ही वाला था कि तभी ड्यूटी पर तैनात RPF के ASI दिलीप कुमार ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसे सुरक्षित बाहर खींच लिया।घटना सुबह करीब 3:33 बजे की है।

12819 ओडिशा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर दो से खुल रही थी। यात्री सुकुमार लामा (35), निवासी मिदनापुर, पश्चिम बंगाल, अपनी पत्नी के साथ आनंद विहार जा रहे थे। पानी लेने उतरे सुकुमार ट्रेन चलने पर घबरा गए और कोच S-6 का हैंडल पकड़ने की कोशिश में फिसलकर प्लेटफॉर्म और पटरियों के बीच घिसटने लगे।ड्यूटी पर मौजूद ASI दिलीप कुमार ने जैसे ही यह खतरनाक मंजर देखा, बिना एक पल गंवाए दौड़ पड़े। चलती ट्रेन के साथ खुद को जोखिम में डालते हुए उन्होंने लटके यात्री को मजबूती से पकड़कर प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया। CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक सेकंड की देरी भी जानलेवा साबित हो सकती थी।

इस खींचतान में ASI खुद गिरकर घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम में भर्ती कराया गया, जहां हालत स्थिर है। रेलवे सुरक्षा बल ने इसे ‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ की मिसाल बताया। बचाए गए यात्री ने भावुक होकर कहा—“मेरी जिंदगी आज इन्हीं की वजह से है।”

