
पटना, 07 मार्च (अविनाश कुमार) करीब दो दशक तक बिहार की सत्ता का केंद्र रहा पटना का मशहूर ‘1 अणे मार्ग’ अब इतिहास बनने जा रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार जल्द ही इस आवास को छोड़कर नए पते पर शिफ्ट होने जा रहे हैं। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद वे अब पटना के 7 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास में रहेंगे। इसे उनकी राजनीतिक जिंदगी की नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

दरअसल, 7 सर्कुलर रोड का यह परिसर नीतीश कुमार के लिए बिल्कुल नया नहीं है। जब वे केंद्र सरकार में मंत्री थे, तब भी वे इसी आवास में रह चुके हैं। ऐसे में यहां का स्टाफ, व्यवस्था और माहौल उनके लिए पहले से परिचित है।पटना का 7 सर्कुलर रोड वीआईपी और हाई सिक्योरिटी जोन में आता है। पूरे परिसर के चारों ओर ऊंची दीवारें हैं और मुख्य प्रवेश द्वार पर सशस्त्र सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रहती है। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि पुलिस और विशेष सुरक्षा बल की निगरानी भी रहती है। आवास में आने-जाने वाले लोगों के लिए अलग-अलग चेकिंग गेट बनाए गए हैं, जिससे सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित रहती है।

यह बंगला अपने विशाल परिसर और हरियाली के लिए भी जाना जाता है। मुख्य भवन के सामने और पीछे फैले बड़े लॉन, बीच में बने तालाबनुमा स्थल और चारों तरफ पेड़-पौधों से घिरा शांत वातावरण इसे खास बनाता है। छठ पूजा के समय इसी तालाबनुमा स्थान पर अर्घ्य देने की व्यवस्था भी रहती है। परिसर में अलग गार्डन और वॉकिंग एरिया भी मौजूद है, जो नीतीश कुमार की सादगीपूर्ण जीवनशैली के अनुकूल माना जाता है।बंगले में नेताओं, अधिकारियों और आम आगंतुकों से मुलाकात के लिए अलग मीटिंग हॉल और वेटिंग एरिया बनाया गया है। प्रेस से बातचीत और राजनीतिक बैठकों के लिए भी विशेष स्थान निर्धारित है।करीब 20 साल तक 1 अणे मार्ग से बिहार की राजनीति को दिशा देने वाले नीतीश कुमार अब 7 सर्कुलर रोड से अपनी नई राजनीतिक भूमिका निभाते नजर आएंगे।

