
दरभंगा, 08 मार्च (अजय राय) जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भीषण दुर्घटना अखतबारा गांव के पास उस समय हुई जब तेज रफ्तार ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और ऑटो में बैठे कई यात्री भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।घटना की सूचना मिलते ही बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया। वहीं डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान बिरौल थाना क्षेत्र के बोहरबा गांव निवासी बिंदुल मुखिया और सहरसा जिले के महिसी थाना क्षेत्र के पसवार गांव निवासी 15 वर्षीय गुलशन कुमार के रूप में हुई है।

गुलशन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। उसकी मां अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा था।बताया गया कि गुलशन बाइक पर तीन लोगों के साथ अपने नाना-नानी से मिलने अखतबारा गांव आया था। वापस लौटने के दौरान उसकी बाइक की तेज रफ्तार ऑटो से सीधी टक्कर हो गई।इस हादसे में ओमप्रकाश पोद्दार, बिरजू साह और सोचती कुमारी सहित अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

