
समस्तीपुर, 08 मार्च (हर्षिता “अश्क”) अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समस्तीपुर समाहरणालय सभागार में रविवार को एक भव्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर जिले की उन मेधावी छात्राओं और महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा, समाज सेवा, कला और प्रशासन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर जिले का नाम रोशन किया है।

समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने प्रतिभाशाली छात्राओं और समाज में सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं और उनकी प्रगति ही किसी भी जिले और समाज की वास्तविक प्रगति का आधार है। उन्होंने बेटियों की शिक्षा और महिलाओं के सशक्तिकरण को समाज के विकास के लिए बेहद जरूरी बताया।कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय परिसर में आईसीडीएस, कला संस्कृति विभाग और शिक्षा विभाग के सहयोग से आकर्षक और संदेशपरक रंगोलियां बनाई गई थीं।

जिलाधिकारी ने रंगोलियों का अवलोकन करते हुए महिला सशक्तिकरण के संदेश को कला के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए विभागों की सराहना की।महिला सशक्तिकरण को लेकर जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। जिलाधिकारी ने स्वयं हस्ताक्षर कर इस अभियान की शुरुआत की और लोगों से महिलाओं को सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए आगे आने की अपील की।इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जिलाधिकारी ने समाहरणालय परिसर में पौधारोपण भी किया।

उन्होंने कहा कि जिस तरह नारी जीवन का सृजन करती है, उसी प्रकार प्रकृति भी हमारे अस्तित्व का आधार है।कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सुनीता, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी सहित कई पदाधिकारी, छात्राएं, महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

