
पटना, 08 मार्च (अविनाश कुमार) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने से पहले पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। शनिवार को बख्तियारपुर दौरे के दौरान उन्होंने एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर परियोजना की धीमी प्रगति पर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि विकास योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय-सीमा के भीतर हर हाल में काम पूरा करना होगा।

बताया गया कि निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। काम की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता के हित से जुड़ी योजनाओं में देरी स्वीकार्य नहीं है।इधर मुख्यमंत्री 10 मार्च से सीमांचल और कोसी क्षेत्र के विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए ‘समृद्धि यात्रा’ पर निकल रहे हैं। तीन दिनों की इस यात्रा के दौरान वे कई जिलों का दौरा कर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करेंगे। यात्रा के दौरान वे मधेपुरा में नवनिर्मित पुलिस लाइन का लोकार्पण भी करेंगे।मुख्यमंत्री की यह यात्रा सुपौल से शुरू होगी।

इसके बाद वे किशनगंज, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया जैसे जिलों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और आम लोगों से भी सीधे संवाद करेंगे।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भी दाखिल किया है। नामांकन से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि सार्वजनिक जीवन की शुरुआत से ही उनकी इच्छा रही है कि वे विधानमंडल और संसद के दोनों सदनों के सदस्य बनें।

