
बक्सर, 08 मार्च (विक्रांत) अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को बक्सर जिले के ब्रह्मपुर में ऐपवा समेत विभिन्न संगठनों द्वारा संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में अलग-अलग इलाकों और क्षेत्रों में कार्यरत बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और अपने अधिकारों को लेकर जोरदार आवाज उठाई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने यौन उत्पीड़न, हिंसा और बलात्कार की बढ़ती घटनाओं के खिलाफ कड़ा विरोध जताया। साथ ही युद्ध और सांप्रदायिक हिंसा के खिलाफ शांति और सद्भाव के पक्ष में अपनी एकजुटता दिखाई। कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं ने कई नारों के माध्यम से अपनी मांगें रखीं और सामाजिक अन्याय के खिलाफ संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।

इस दौरान महिलाओं ने “सभी महिलाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार की गारंटी करो” और “कर्ज मुक्त बिहार की महिलाएं हो” जैसे नारे लगाए। साथ ही यौन उत्पीड़न, युद्धोन्माद, सांप्रदायिक हिंसा और मनुवादी पितृसत्ता के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।कार्यक्रम का नेतृत्व ऐपवा की जिला सचिव संध्या पाल ने किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बराबरी का अधिकार और सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए।

इस अवसर पर गीता देवी, रीना देवी, उर्मिला देवी, पूलगेना देवी, राजकुमारी देवी और शैल देवी समेत कई महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

