
बक्सर, 08 मार्च (विक्रांत) अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में नारी शक्ति की अनूठी मिसाल देखने को मिली। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पटना जंक्शन जैसे बड़े और व्यस्त रेलवे यार्ड का संचालन पूरी तरह महिला रेल कर्मियों द्वारा किया गया। इस दौरान स्टेशन प्रबंधन से लेकर ट्रेनों के परिचालन तक की सभी जिम्मेदारियां महिलाओं ने बखूबी निभाईं।

कार्यक्रम के तहत पटना स्टेशन पर तैनात महिला रेल कर्मचारियों ने ट्रेनों का संचालन, प्लेटफॉर्म की साफ-सफाई, यात्रियों की भीड़ प्रबंधन और अन्य तकनीकी कार्यों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। पूरे दिन स्टेशन पर महिला कर्मियों की सक्रियता और कार्यकुशलता देखने लायक रही।महिला दिवस के मौके पर दानापुर मंडल की महिला क्रू मेंबरों ने भी विशेष जिम्मेदारी संभाली। लोको पायलट गुड्डी कुमारी, सहायक लोको पायलट कुमारी दिव्या और ट्रेन मैनेजर (गार्ड) मनीषा कुमारी ने संयुक्त रूप से गाड़ी संख्या 63326 पटना–इस्लामपुर मेमू सवारी गाड़ी का सफल संचालन किया।

ट्रेन के सुरक्षित परिचालन के साथ यात्रियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया।वहीं रेलवे के आरआरआई (रूट रिले इंटरलॉकिंग) सिस्टम का संचालन स्टेशन मास्टर अंशु कुमारी और संगीता कुमारी ने संभाला। उन्होंने सिग्नल और ट्रेनों की आवाजाही को पूरी दक्षता के साथ नियंत्रित किया।इसके अलावा स्टेशन और ट्रेन से जुड़े विभिन्न तकनीकी विभागों जैसे टीआरडी, ओएचई, पीआरएस, यूटीएस और टिकट चेकिंग के कार्य भी महिला कर्मचारियों द्वारा जिम्मेदारी के साथ पूरे किए गए।रेलवे अधिकारियों ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया और कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और नेतृत्व का बेहतरीन उदाहरण पेश कर रही हैं।

