
बक्सर, 10 मार्च (विक्रांत) पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ मंगलवार को बड़ा अभियान चलाया। 10 मार्च 2026 को दानापुर स्टेशन पर चलाए गए सघन टिकट जांच अभियान में 500 से अधिक यात्रियों को बिना वैध टिकट या उचित प्राधिकार के यात्रा करते हुए पकड़ा गया। इस दौरान रेलवे ने करीब 2.5 लाख रुपये का जुर्माना वसूल कर रेल राजस्व में बढ़ोतरी की। यह विशेष अभियान वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के निर्देश पर चलाया गया।

सहायक वाणिज्य प्रबंधक (टिकट जांच एवं खान-पान) प्रदीप कुमार के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने स्टेशन पर कड़ी निगरानी रखते हुए जांच अभियान चलाया।अभियान के दौरान दानापुर स्टेशन से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों—12303 पूर्वा एक्सप्रेस, 12370 कुंभ एक्सप्रेस और 12791 सिकंदराबाद–दानापुर एक्सप्रेस—सहित दानापुर से झाझा और बक्सर की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेनों में भी अतिरिक्त ठहराव लेकर सघन जांच की गई।

जांच के दौरान लगभग 150 यात्री एसी कोच में बिना उचित प्राधिकार के सफर करते पाए गए।रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का असर स्टेशन पर साफ दिखा। टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई और लोग वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक हुए।दानापुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर और निर्धारित श्रेणी में ही यात्रा करें, ताकि भारतीय रेल की सेवाओं का सुचारू रूप से लाभ उठाया जा सके।

