
बक्सर, 11 मार्च (विक्रांत) बिहार की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी को लेकर घमासान छिड़ गया है। सोशल मीडिया पर भाजपा के एक कथित प्रवक्ता द्वारा बक्सर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुधाकर सिंह पर की गई टिप्पणी को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी नेताओं ने बयान जारी कर भाजपा प्रवक्ता की टिप्पणी को “ओछी और गैर-जिम्मेदाराना” बताते हुए इसकी तीखी निंदा की है। राजद ने कहा कि कुछ तथाकथित प्रवक्ता अपने आकाओं के इशारे पर बिना तथ्यों की जानकारी के बयान देते हैं और इससे लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ठेस पहुंचती है।

पार्टी ने तंज कसते हुए कहा कि जिन्हें “पीए” जैसे सामान्य शब्द का भी सही अर्थ नहीं मालूम, वे शिक्षा जैसे गंभीर विषयों पर भाषण देने का साहस करते हैं।राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 20 वर्षों में शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर रहा है और उसी व्यवस्था से जुड़े कुछ लोग अब जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी ने कहा कि ऐसे लोग किसी जनप्रिय नेता और संसद जैसी सर्वोच्च संवैधानिक संस्था के सदस्य के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर लोकतंत्र और जनता का अपमान कर रहे हैं।

पार्टी ने यह भी कहा कि बक्सर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा को मिली चुनावी हार की टीस अब भी कुछ नेताओं को परेशान कर रही है। इसी कारण वे सोशल मीडिया के जरिए भड़काऊ और अपमानजनक बयान दे रहे हैं।राजद ने साफ किया कि पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की समर्थक है और किसी भी दोषी व्यक्ति को कठोर दंड मिलना चाहिए। साथ ही भाजपा नेताओं को सलाह दी गई है कि वे व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचें और लोकतांत्रिक मर्यादा का पालन करें। इस बयान के बाद राज्य की राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

