
पटना, 13 मार्च (अविनाश कुमार) ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी भीषण संघर्ष के बीच भारत, खासकर बिहार के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। भागलपुर जिले के रानिबिमिया गांव के निवासी और मरीन इंजीनियर देवनंदन प्रसाद सिंह (50) की इराक के बसरा बंदरगाह के पास एक तेल टैंकर पर हुए विस्फोटक हमले में मौत हो गई। वह अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनी के तेल टैंकर MT Safesea Vishnu पर एडिशनल चीफ इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 9 बजे खोर अल ज़ुबैर बंदरगाह के पास जहाज पर 48 हजार मीट्रिक टन नैफ्था लोड किया जा रहा था। इसी दौरान एक बिना चालक वाली सफेद स्पीडबोट जहाज के दाईं ओर से टकरा गई। स्पीडबोट में भारी मात्रा में विस्फोटक भरा था, जिससे जोरदार धमाका हुआ और जहाज में भीषण आग लग गई।धमाके के बाद जहाज पर अफरातफरी मच गई। कई क्रू सदस्यों ने जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगा दी। इराकी कोस्ट गार्ड ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया, जिनमें 16 भारतीय और 12 फिलीपींस के नागरिक शामिल हैं।

हालांकि देवनंदन प्रसाद सिंह इस हादसे में जान नहीं बचा सके।परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले उन्होंने परिवार से संक्षिप्त बातचीत की थी और ड्यूटी पर होने के कारण बाद में बात करने को कहा था। अगले दिन कंपनी अधिकारियों से हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। गांव और परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है।

