
पटना, 16 मार्च (अविनाश कुमार) मार्च की तपती गर्मी के बीच बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के सभी 38 जिलों के लिए बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण राज्य के निचले वायुमंडल में नमी बढ़ गई है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान बिहार के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने उत्तर और उत्तर-पश्चिम बिहार के 17 जिलों को ऑरेंज अलर्ट श्रेणी में रखा है। इनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, बेगूसराय और खगड़िया शामिल हैं। इन क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश के साथ बिजली गिरने का काफी अधिक खतरा बताया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इन जिलों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे अचानक आंधी की स्थिति बन सकती है।

वहीं दक्षिणी और पूर्वी बिहार के 21 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर, रोहतास और औरंगाबाद सहित कई जिले शामिल हैं। इन क्षेत्रों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हालांकि यहां तूफान की तीव्रता अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में रोहतास के डेहरी में राज्य का सबसे अधिक तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन सोमवार से बारिश की शुरुआत के साथ अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। अनुमान है कि तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है।

