किशनगंज 29 अगस्त (अशोक “अश्क”) बिहार के किशनगंज जिले से शुक्रवार सुबह बड़ी खबर सामने आई है। आयकर विभाग ने शहर के चर्चित कारोबारी समूह दफ्तरी ग्रुप के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। यह कार्रवाई सुबह-सुबह शुरू हुई, जिससे शहर में हड़कंप मच गया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की यह रेड किशनगंज के नेमचंद रोड, भगतटोली रोड, धर्मशाला रोड और पश्चिमपाली स्थित दफ्तरी ग्रुप के कारोबारी और आवासीय परिसरों पर की गई है। छापेमारी में लगभग 50 गाड़ियों का काफिला और 60 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं।
इस कार्रवाई को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। आम लोग और स्थानीय व्यवसायी दफ्तरी ग्रुप पर अचानक हुई इस कार्रवाई को लेकर हैरान हैं। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है।
हालांकि सूत्रों का कहना है कि यह रेड बड़े पैमाने पर आयकर अनियमितताओं और वित्तीय लेन-देन की जांच से जुड़ी हो सकती है। दफ्तरी ग्रुप किशनगंज और आसपास के इलाकों में एक प्रभावशाली कारोबारी समूह माना जाता है।
कई जगहों पर स्थानीय पुलिस की मदद से सुरक्षा व्यवस्था भी तगड़ी कर दी गई है ताकि छापेमारी के दौरान कोई बाधा उत्पन्न न हो।
इस कार्रवाई के बाद अब सभी की नजर आयकर विभाग की अगली रिपोर्ट और आधिकारिक पुष्टि पर टिकी है।

