नालंदा 29 अगस्त (अविनाश पांडे) राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आज नालंदा के राजगीर अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर स्थित हॉकी स्टेडियम में हीरो एशिया हॉकी कप-2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

मुख्यमंत्री ने स्टेडियम का भ्रमण करते हुए दर्शकों और खिलाड़ियों का अभिवादन स्वीकार किया। खचाखच भरे स्टेडियम में खेल प्रेमियों ने तालियों और नारों के साथ गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। उद्घाटन मुकाबले से पूर्व नीतीश कुमार ने भारत और चीन के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्द्धन किया और उनके साथ सामूहिक तस्वीर खिंचवाई। इस दौरान दोनों देशों का राष्ट्रगान भी गाया गया।

प्रतियोगिता में 8 शीर्ष एशियाई टीमें भारत, चीन, जापान, मलेशिया, कज़ाकिस्तान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट के सभी 24 मुकाबले 7 सितंबर तक राजगीर हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने राजगीर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम के पांचवें तल पर जाकर दर्शक दीर्घा और निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि स्टेडियम में खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा, मीडिया गैलरी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण किया जाए।

कार्यक्रम में प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति रही, जिनमें जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर, खेल विश्वविद्यालय के कुलपति शिशिर कुमार सिन्हा, डीजी रविन्द्रण शंकरण, डीएम कुंदन कुमार, आईजी जितेंद्र राणा, एसपी भारत सोनी समेत देश-विदेश के खिलाड़ी और हजारों खेल प्रेमी मौजूद रहे।

