दरभंगा 29 अगस्त (अशोक “अश्क) ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) के अधीन संचालित सात महाविद्यालयों को अब स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई की आधिकारिक अनुमति मिल गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-27 से 2026-28 तक इन कॉलेजों में PG की पढ़ाई शुरू की जाएगी। इससे छात्रों को अपने ही जिले या आसपास के कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

- डॉ. एल. के.वी.डी. कॉलेज, ताजपुर (समस्तीपुर) हिंदी, अर्थशास्त्र
- बीआरबी कॉलेज, समस्तीपुर इतिहास, हिंदी, अर्थशास्त्र
- आरसीएस कॉलेज, मंझौल (बेगूसराय) हिंदी, अर्थशास्त्र, राजनीति शास्त्र
- सब डिविजनल गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, बेनीपुर (दरभंगा) हिंदी, मैथिली, अंग्रेजी
- एसके महिला कॉलेज, बेगूसराय अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास
- आरएनआर कॉलेज, समस्तीपुर हिंदी, राजनीति शास्त्र
- सीएम कॉलेज, दरभंगा संस्कृत
यह अनुमति बिहार राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम 1976 की धारा 4 (1)(17) के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के निर्देशों एवं विश्वविद्यालय की अधिषद की बैठक (दिनांक 27 जनवरी 2025) में लिए गए निर्णय के आधार पर दी गई है।
इस फैसले से छात्रों को PG की पढ़ाई के लिए अन्य शहरों में भटकने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अब अपने निकटतम कॉलेज में ही उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन का यह निर्णय छात्रों के शैक्षणिक भविष्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

