समस्तीपुर 29 अगस्त (अशोक “अश्क”) समस्तीपुर के जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आज जिला मुख्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दरबार में बड़ी संख्या में आमजन अपनी शिकायतें और आवेदन लेकर उपस्थित हुए।

जनता दरबार में प्रस्तुत आवेदनों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, दिव्यांगजन कल्याण तथा परिवहन विभाग से संबंधित मामलों की संख्या अधिक रही। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्राथमिकता-आधारित समाधान का निर्देश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान समयबद्ध ढंग से किया जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी भी मामले में लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाया गया, तो संबंधित अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनता दरबार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता से सीधे जोड़ना और उनकी शिकायतों का तुरंत समाधान सुनिश्चित करना है। जिलाधिकारी की पहल से आमजन में विश्वास बढ़ा है और प्रशासनिक पारदर्शिता को बल मिला है।

