हैदराबाद, 30 अगस्त (अंकिता राय) तेलंगाना में भारी बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। राज्य के कई जिलों में निचले इलाकों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। खासकर कमारेड्डी, जंगांव, मेडक और यादवद्री-भुवनगिरी जिलों में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। बाढ़ से अब तक पाँच लोगों की मौत हो चुकी है और कई अन्य लापता हैं।

मेडक जिले में सेना ने बचाव अभियान में तेजी लाते हुए आठ बच्चों को पानी से घिरे घरों से सुरक्षित बाहर निकाला। प्रशासन द्वारा अब तक 1,600 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा चुका है। राहत शिविरों में प्रभावित लोगों को भोजन और अस्थायी आवास की सुविधा दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने राज्य प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, हैदराबाद में विशेष फ्लड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है ताकि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को सुचारु रूप से चलाया जा सके और त्वरित मदद उपलब्ध कराई जा सके।
राजधानी हैदराबाद समेत कई जिलों में सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। सुरक्षा कारणों से राज्य सरकार ने 30 अगस्त को सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

