पटना, 30 अगस्त (सेंट्रल डेस्क) बिहार के गोपालगंज जिले में स्थित हरखुआ-ख्वाजेपुर मार्ग का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य जल्द ही शुरू होगा। पथ निर्माण विभाग द्वारा इस परियोजना के लिए 26 करोड़ 18 लाख 62 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस परियोजना की जानकारी दी और बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

यह सड़क गोपालगंज पथ प्रमंडल के अंतर्गत आती है और इसकी कुल लंबाई 6.80 किलोमीटर है। सम्राट चौधरी ने कहा कि इस मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने से क्षेत्रवासियों को यातायात में हो रही असुविधाओं से राहत मिलेगी। वर्तमान में सड़क संकरी होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। चौड़ीकरण के बाद स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा होगी और रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे।
सम्राट चौधरी ने यह भी बताया कि इस परियोजना का कार्य वित्तीय वर्ष 2025-26 में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस काम की जिम्मेदारी गोपालगंज पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार सड़क और पुलों के निर्माण पर लगातार ध्यान दे रही है, ताकि राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा सके।
उपमुख्यमंत्री ने बिहार की बदलती सड़कों की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले लालू-राबड़ी शासन में ‘गड्ढे में सड़क या सड़क में गड्ढा’ की स्थिति थी, लेकिन अब 2005 के मुकाबले बिहार में सुदृढ़ और विशाल सड़क नेटवर्क तैयार हो चुका है। यह बदलाव बिहार की सड़क नीति में सुधार का प्रतीक है, जो अब पूरे देश के लिए एक मिसाल बन रही है।

