
दरभंगा संवाददाता। बिहार में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हैं। अब बदमाश पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाने से नहीं डर रहे हैं। दरभंगा जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र के उजान गांव में गुरुवार को अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस हमले में सकतपुर थाना में तैनात एएसआई रणधीर कुमार को गोली लग गई। अचानक हुई गोलीबारी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
-पुलिस वाहन में बैठे एएसआई पर चलाई गोली
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम गुरुवार को उजान गांव के पास नियमित गश्ती कर रही थी। इसी दौरान एएसआई रणधीर कुमार पुलिस वाहन में बैठकर मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी बगीचे में घात लगाकर छिपे एक बदमाश ने अचानक उन पर गोली चला दी। गोली उनके बाएं पैर में लगी और पैर को चीरते हुए आर-पार निकल गई। अचानक हुई इस वारदात से पुलिस टीम के अन्य जवानों में अफरा-तफरी मच गई।
-पटना के नौबतपुर के रहने वाले हैं घायल एएसआई
घायल ASI रणधीर कुमार मूल रूप से पटना जिले के नौबतपुर के निवासी बताए जाते हैं। गोली लगने के बाद साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
-हमलावर की तलाश में छापेमारी, पुलिस चला रही तलाशी अभियान
पुलिसकर्मी पर हमले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। पुलिस की टीमें घटनास्थल और आसपास के इलाकों में छापेमारी एवं सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बदमाश ने पुलिस टीम पर किस मकसद से हमला किया और वारदात में कोई अन्य अपराधी भी शामिल था या नहीं।
















