

गोपालगंज,टीएन मिश्रा। बिहार की सियासत में एक बार फिर बड़े राजनीतिक संदेश मिलते दिखाई दे रहे है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की मौजूदगी में उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को आरजेडी के साथ आने का खुला ऑफर देकर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। रोहिणी ने नीतीश कुमार को अपना चाचा बताते हुए कहा कि उनके लिए लालू परिवार के दिल के दरवाजे हमेशा खुले हैं। अब फैसला चाचा नीतीश कुमार को करना है कि उन्हें क्या करना है। उनके इस बयान को बिहार की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच बेहद अहम माना जा रहा है। दरअसल,राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपनी पत्नी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी व बेटी रोहिणी आचार्य के साथ एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने गोपालगंज पहुंचे थे। अपने 24 घंटे के प्रवास के दौरान जहां अपनी जन्मभूमि से लेकर ससुराल व साढ़ू के घर तक अपनी मौजूदगी जताई। इस दौरान सर्किट हाउस में राजद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लालू प्रसाद ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की। वहीं,पत्रकारों से बातचीत के दौरान रोहिणी आचार्य ने अपने गोपालगंज आगमन को पारिवारिक यादों से जोड़ते हुए कहा कि काफी दिनों बाद मम्मी-पापा के साथ ननिहाल और ददिहाल आने का मौका मिला है। बचपन में गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए भी यहां आया करती थीं। इस बार पुरानी यादों को ताजा करने आई हूं।
-चाचा के लिए हमेशा खुला है, लालू परिवार का दरवाजा
नीतीश कुमार को लेकर रोहिणी आचार्य ने कहा कि वह उन्हें बचपन से चाचा कहती आई हैं। अपनों के लिए परिवार के दरवाजे हमेशा खुले रहते हैं। लालू परिवार भी चाहता है कि नीतीश कुमार को हमेशा मान-सम्मान मिले, जैसा सम्मान उन्हें आरजेडी परिवार में मिलता रहा है। अब चाचा को ही तय करना है कि उन्हें क्या करना है। रोहिणी के इस बयान को महज पारिवारिक अपनापन नहीं,बल्कि नीतीश कुमार के लिए आरजेडी की ओर से सियासी आमंत्रण के रूप में देखा जा रहा है।
-निशांत पर भी इशारों में कसा तंज
रोहिणी ने नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार को लेकर भी इशारों में निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब चाचा की ही बेइज्जती कर उन्हें बाहर कर दिया गया,तो भतीजे का क्या होगा। सम्राट सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नीतीश कुमार और उनके बेटे को उचित सम्मान नहीं दे रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा दूध में मक्खी की तरह दोनों पिता-पुत्र को सत्ता से बाहर कर देने का प्लान कर चुकी है।
-पीएम मोदी के बिहार दौरे पर भी बरसीं रोहिणी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर भी रोहिणी आचार्य ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। वो बोली कि पीएम बिहार आते हैं, झोला उठाकर चले जाते हैं और सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। बिहार की जनता से किए गए वादों में से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय किए गए वादों के बावजूद जनता को अब तक कुछ हासिल नहीं हुआ है और एक बार फिर बिहार की जनता को झांसा देने की तैयारी की जा रही है।
-रोहिणी के बयान से गरमाई बिहार की सियासत
गोपालगंज में रोहिणी आचार्य का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बिहार की राजनीति में सत्ता और राजनीतिक रिश्तों को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। नीतीश कुमार को चाचा कहकर आरजेडी के साथ आने का न्योता देना कई राजनीतिक संकेत दे रहे है। अब सवाल यह है कि रोहिणी का यह बयान सिर्फ पारिवारिक रिश्तों की गर्मजोशी है या फिर लालू परिवार की ओर से बिहार की राजनीति में नए समीकरण बनाने की कोशिश है। या फिलहाल, रोहिणी ने गेंद नीतीश कुमार के पाले में डाल दी है। अब देखना होगा कि चाचा नीतीश इस सियासी न्योते पर क्या फैसला लेते हैं।
















