
टीएन मिश्रा,गोपालगंज। राजद सुप्रीमो एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव अपने पारिवारिक व धार्मिक दौरे पर गुरुवार को ही गोपालगंज पहुंचे। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बेटी रोहिणी आचार्य भी मौजूद रहीं। जिले में पहुंचने के उपरांत शुक्रवार को लालू परिवार ने सबसे पहले प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां थावे दुर्गा मंदिर में हाजिरी लगाई। यहां मां थावे भवानी के दरबार में पूरे परिवार ने श्रद्धा के साथ मत्था टेका और विधिवत पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद लिया। मंदिर में पूजा के दौरान लालू प्रसाद यादव,राबड़ी देवी और रोहिणी आचार्य ने मां भगवती से बिहार की सुख-शांति, समृद्धि,खुशहाली और निरंतर विकास की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि,समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव कायम रहने की प्रार्थना की। मां थावे भवानी के दरबार में लालू परिवार की मौजूदगी से मंदिर परिसर में खासा उत्साह देखने को मिला।
लालू परिवार के थावे मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राजद कार्यकर्ता मंदिर परिसर में जुट गए। अपने प्रिय नेता की एक झलक पाने और उनका अभिवादन करने के लिए लोगों में खासा उत्साह दिखा। मंदिर परिसर श्रद्धालुओं और समर्थकों से गुलजार रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया।
-ससुराल सेलार में ससुराल वालों से मिले,फुलवरिया में ताजा की पुरानी यादें
मां थावे भवानी के दर्शन के बाद लालू प्रसाद यादव अपने ससुराल सेलार पहुंचे। यहां उन्होंने परिवार के सदस्यों और परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इसके बाद वे अपने पैतृक गांव फुलवरिया पहुंचे। गांव की मिट्टी से अपने जुड़ाव को एक बार फिर महसूस करते हुए लालू यादव ने स्थानीय मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने अपने पुराने मित्रों, परिचितों और रिश्तेदारों से आत्मीय मुलाकात की तथा उनका हालचाल जाना। गांव के लोगों के बीच उनकी मौजूदगी से पारिवारिक और सामाजिक रिश्तों की पुरानी यादें भी ताजा हो गईं।
-मां मरछिया देवी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
गोपालगंज दौरे के क्रम में लालू प्रसाद यादव मीरगंज स्थित मरछिया देवी चौक भी पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी माता स्वर्गीय मरछिया देवी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मां की प्रतिमा के समक्ष कुछ पल रुककर उन्होंने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
लालू यादव के इस दौरे में धार्मिक आस्था, पारिवारिक आत्मीयता और गांव से जुड़ाव की झलक देखने को मिली। जिले के विभिन्न स्थानों पर उनके पहुंचने की खबर से रास्ते भर लोगों की भीड़ जुटती रही। समर्थकों और स्थानीय लोगों में अपने नेता को करीब से देखने तथा उनका अभिवादन करने का उत्साह बना रहा। सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था के बीच लालू परिवार का गोपालगंज दौरा चर्चा का विषय बना रहा।
















