समस्तीपुर, 7 सितंबर (राजेश झा) बिहार राज्य कार्यपालक सहायक सेवा संघ के आव्हान पर आज समस्तीपुर जिले के कर्पूरी बस स्टैंड पर कार्यपालक सहायकों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में जिले भर के विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत लगभग 500 से अधिक कार्यपालक सहायक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने राज्यकर्मी का दर्जा देने और वेतनमान में सुधार की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

धरना को संबोधित करते हुए जिला सचिव रोहित कुमार गुप्ता ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से कार्यपालक सहायक संविदा पर विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यरत हैं, लेकिन सरकार लगातार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में कुछ विभागों के कर्मियों का वेतन बढ़ाया गया, जबकि दो बार मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक होने के बावजूद कार्यपालक सहायकों की मांगों पर कोई निर्णय नहीं लिया गया।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उन्हें राज्यकर्मी का दर्जा देते हुए लेवल-4 का वेतनमान और BPSM पैनल में समायोजन नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल और जेल भरो आंदोलन की चेतावनी दी और इसकी पूरी जिम्मेदारी बिहार सरकार पर डालते हुए कहा कि अब और चुप नहीं बैठेंगे।
इस आंदोलन में RTPS, पंचायती राज, बिजली, आपूर्ति, सहकारिता, मनरेगा, आवास योजना, लोक शिकायत, थाना, निर्वाचन, स्वास्थ्य, स्वच्छता, ICDS, खनन, परिवहन, सांख्यिकी, सामाजिक सुरक्षा, समाज कल्याण सहित सभी अनुमंडल, डीसीएलआर, प्रखंड व अंचल कार्यालयों के कार्यपालक सहायक शामिल रहे।
सभा को ओम प्रकाश सिंह, अतुल कुमार, मनीष कुमार, रंजीत कुमार, बबीता कुमारी, सुषमा कुमारी, रामबाबू जी, उमेश कुमार, कुंदन कुमार, सरफराज सहित कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

