पटना, 7 सितम्बर (अशोक “अश्क”) बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी युक्त हवाएं प्रदेश की ओर लगातार बढ़ रही हैं। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन बिहार के ऊपर से गुजर रही है, जिससे अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि 8 सितंबर से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव होगा।

वर्तमान में राजधानी पटना सहित कई जिलों में वर्षा में थोड़ी कमी जरूर आई है, लेकिन उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो लगातार दूसरे दिन राज्य में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा 19 जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार रविवार को राज्य के 17 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। संबंधित जिलों के लोगों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और बारिश के समय खुले में रहने से बचें।
अररिया और किशनगंज जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। वहीं, बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है। जमुई के बरहट में सर्वाधिक 28.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि गया जिले के गुरूआ में 24.6 मिमी, पूर्वी चंपारण के सुगौली में 22.8 मिमी और सिवान के नौतन में 20.4 मिमी बारिश हुई।
इसके अलावा रोहतास के तिलौथू में 12.4 मिमी, सुपौल के छत्तरपुर में 10.6 मिमी, जहानाबाद के हुलासगंज में 8.6 मिमी, नालंदा के कटारी सराय और मोहनिया में 2.4 मिमी, पश्चिम चंपारण के गौनाहा में 2.2 मिमी, औरंगाबाद में दो मिमी और भभुआ में 1.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पटना, सिवान, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर और बांका में 22 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चली, जिससे तापमान में थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन नमी के कारण लोग उमस से परेशान रहे।
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून ट्रफ लाइन के और मजबूत होने के संकेत मिल रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।

