पटना, 9 सितंबर (अशोक “अश्क”) पटना के ऐतिहासिक तख्त श्रीहरिमंदिर जी पटना साहिब में रविवार को एक धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। मेल में दावा किया गया कि गुरुद्वारे के लंगर कक्षों में चार आरडीएक्स आधारित आईईडी बम लगाए गए हैं। साथ ही लिखा गया कि वीवीआईपी और कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाल लिया जाए, वरना गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

धमकी की जानकारी मिलने के बाद गुरुद्वारे में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस पूरे मामले को सोमवार को सार्वजनिक रूप से सामने लाया गया, जब गुरुद्वारा प्रबंध समिति के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह सोही ने इसे लेकर बयान जारी किया।
सोही ने बताया कि धमकी भरे ईमेल की सूचना उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को दी है। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच का भरोसा दिलाया है। गुरुद्वारा प्रशासन ने ईमेल को लेकर पुलिस को पूरा विवरण सौंप दिया है और सुरक्षा व्यवस्था को भी बढ़ा दिया गया है।
सिर्फ धमकी ही नहीं, ईमेल में कई आपत्तिजनक नारे और भ्रमित करने वाली जानकारियां भी लिखी गई है। मेल में “सीसीटीएनएस मणिक्कवासगम रामलिंगन”, “एनआइआइटी घोटाला”, “1971 उदय कुमार”, “अन्नामलाई यूनिवर्सिटी”, “प्रो चित्रकला और निर्मला देवी”, “मस्टर रोल घोटाला”, “उदयनिधि का अधूरा यूएस डिग्री”, “निवेदा पेठुराज और उदयनिधि की सीक्रेट दुबई वेडिंग” जैसे अस्पष्ट और असंबंधित वाक्य लिखे गए हैं, जिनका धमकी से कोई स्पष्ट संबंध नहीं बनता। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि ईमेल भेजने वाला मानसिक रूप से असंतुलित भी हो सकता है, या फिर यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है।
धमकी की खबर फैलते ही स्थानीय श्रद्धालुओं और आम नागरिकों में चिंता का माहौल बन गया है। वहीं गुरुद्वारा प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाते हुए सुरक्षा एजेंसियों को पूरी जानकारी दे दी है।
फिलहाल पुलिस ईमेल की सत्यता, स्रोत और भेजने वाले की पहचान को लेकर छानबीन कर रही है। इस बीच, गुरुद्वारा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि श्रद्धालु निश्चिंत होकर दर्शन कर सकें।
इस संवेदनशील मामले को लेकर जांच एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। जल्द ही ईमेल भेजने वाले की पहचान कर उसे कानून के दायरे में लाने की उम्मीद जताई जा रही है।

