पटना, 9 सितंबर (अशोक “अश्क”) पटना में महिलाओं के लिए सुरक्षित और सस्ती यात्रा को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 80 नई पिंक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिनमें से 22 बसें पटना के लिए निर्धारित की गई हैं। इन बसों का संचालन बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) करेगा।

पिंक बस सेवा का यह विस्तार विशेष रूप से छात्राओं और नौकरीपेशा महिलाओं के लिए लाभकारी होगा। अब महिलाएं पटना से हाजीपुर, सोनपुर, पालीगंज, बिहटा जैसे इलाकों तक सीधे और सुरक्षित यात्रा कर सकेंगी।
इन नई पिंक बसों के शुरू होने से पटना में कुल पिंक बसों की संख्या 8 से बढ़कर 30 हो गई है। वर्तमान में बिहार में 20 पिंक बसें चल रही थीं, जो अब बढ़कर 100 हो गई हैं।
इन बसों का किराया मात्र 6 रुपये से शुरू होता है और अधिकतम 25 रुपये तक ही है। खास बात यह है कि छात्राओं के लिए 450 रुपये में मासिक पास की सुविधा भी दी जा रही है, जो सभी रूट्स पर मान्य होगा।
पटना में नई पिंक बसें हाजीपुर, सोनपुर, बिहटा, पालीगंज, कुर्जी, बेली रोड, अशोक राजपथ और दानापुर, गांधी मैदान, पटना जंक्शन, फुलवारीशरीफ जैसे भीड़भाड़ वाले मार्गों पर चलाई जाएंगी।
बसों का संचालन सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में चार फेरी में होगा, जिससे महिलाओं को सुबह और शाम यात्रा में आसानी होगी।
नई पिंक बसों में महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए कई आधुनिक फीचर्स जोड़े गए हैं:
22 आरामदायक सीटें और सीट बेल्ट
CCTV और GPS ट्रैकिंग सिस्टम
पैनिक बटन आपात स्थिति के लिए
मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट
सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और फर्स्ट एड किट
पटना के अलावा मुजफ्फरपुर, भागलपुर, गया और पूर्णिया में भी पिंक बस सेवाएं पहले से संचालित हो रही हैं। अब इन शहरों के साथ-साथ आरा में भी जल्द सेवा शुरू की जाएगी।
भागलपुर में ये बसें अलीगंज, नाथनगर और तिलकामांझी जैसे रूटों पर चल रही हैं, जबकि गया में बसें गया जंक्शन से टिकारी और साउथ बिहार सेंट्रल यूनिवर्सिटी तक जाती हैं।
सरकार का यह कदम महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित हो सकता है।

