समस्तीपुर, 11 सितंबर (मोहम्मद जमशेद) समाहरणालय सभागार, समस्तीपुर में उच्च जातियों के लिए राज्य आयोग के माननीय सदस्य जय कृष्ण झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य उच्च वर्ग के गरीब एवं पिछड़े परिवारों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विकासात्मक योजनाओं पर चर्चा करना था।

माननीय सदस्य झा ने बताया कि जैसे अन्य वर्गों के उत्थान के लिए योजनाएं चल रही हैं, उसी तरह उच्च जातियों के आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों व परिवारों के लिए भी ठोस पहल जरूरी है। इसी उद्देश्य से राज्य भर में भ्रमण और निरीक्षण कर सुझाव लिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पहले प्रमंडल स्तर पर बैठकें हुईं, अब सभी जिलों में बैठकें आयोजित की जा रही हैं। भविष्य में प्रखंड और पंचायत स्तर तक जाकर भी सुझाव लिए जाएंगे और उन्हें सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा ताकि नीतिगत निर्णय लिए जा सकें।
बैठक में अपर समाहर्ता बृजेश कुमार, नजारत उप समाहर्ता रजनीश कुमार राय, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी अधिकारियों ने उच्च जातियों के गरीब व पिछड़े वर्गों के विकास के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन्हें संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

