बक्सर, 11 सितंबर( विक्रांत) डुमरांव में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार को सात सूत्री मांगों को लेकर स्थानीय युवकों का धरना गुरुवार को बेमियादी भूख हड़ताल में तब्दील हो गया.स्वयं शक्ति के बैनर तले शुरू अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल में संयोजक धीरज मिश्रा, सर्वेश पांडेय, अविनाश त्रिपाठी, विजय सिन्हा सहित कई सदस्य शामिल है. भूख हड़ताल शुरू करने से पहले युवकों ने गुरुवार की सन् 42 के अमर शहीदों की प्रतिमा एवं अमर शहीदों की स्तूप के समक्ष दीप जलाया एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. बता दें, स्वंय शक्ति के युवा सदस्य 8 सितंबर से ही सात सूत्री मांगों को लेकर धरने पर डटे हुए थे।

8 से 10 सितंबर तक लगातार धरना देने के बाद भी जब कोई ठोस पहल नहीं हुई तो गुरुवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। आंदोलन कारियों की प्रमुख मांगों में क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में नए ट्रांसफार्मर लगाना, ग्रिड को पर्याप्त बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना, जगह-जगह लटक रहे जर्जर तारों का प्रतिस्थापन, तकनीकी कर्मियों की बहाली, टोल-फ्री नंबर का प्रभावी संचालन, लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान, आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तारों को अंडरग्राउंड करना एवं खराब पड़े पुराने बॉक्स को बदलना शामिल है।
भूख हड़ताल कारी सर्वेश पांडेय एवं धीरज मिश्रा ने कहा कि सिर्फ तार और बॉक्स लाकर दिखाना समस्या का समाधान नहीं है। जब तक जनसरोकार के सात सूत्री मांगें पूरी तरह लागू नहीं हो जातीं, तब तक आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।

