समस्तीपुर, 12 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर में विगत तीन दिनों से अपनी मांगों को लेकर अनशन पर बैठे अनशनकारियों का अनशन आज समाप्त हो गया। अनशन समाप्त कराने पहुंचे अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) श्री दिलीप कुमार ने अनशनकारियों से वार्ता की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

अनशनकारियों की प्रमुख मांग यह थी कि सीलिंग से प्राप्त भूमि के पर्चाधारियों को उनकी भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई जाए। उनका आरोप था कि कई वर्षों से पर्चा मिलने के बावजूद वे अपनी भूमि पर कब्जा नहीं कर पा रहे हैं।
प्रशासन द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिए जाने के बाद अनशनकारियों ने अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया। इस दौरान प्रशासन और अनशनकारियों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई।

