मुंबई, 13 सितंबर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी और उनकी बहन खुशबू पाटनी के बरेली स्थित घर पर शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे दो अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज घटना की जिम्मेदारी कुख्यात रोहित गोदारा गैंग ने ली है। गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए हमले की पुष्टि करते हुए इसे “धर्म का बदला” बताया। इस हमले से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

हमले के बाद दिशा पाटनी के पिता और उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रह चुके जगदीश सिंह पाटनी ने मीडिया से बात करते हुए घटना पर चिंता जताई और पुलिस की तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा, “फायरिंग की आवाज़ सुनते ही हमारी नींद खुल गई। हम सब डर गए थे। जैसे-तैसे आड़ लेकर जान बचाई। करीब 8-10 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और घर की सुरक्षा बढ़ा दी है।”
जगदीश पाटनी ने हमले की वजह को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। “हम सनातनी धर्म को मानने वाले लोग हैं। यह प्रदेश योगी जी का है और गुंडागर्दी पर पूरी तरह लगाम लगाई जानी चाहिए,” उन्होंने दोटूक कहा।
पिता जगदीश सिंह ने रोहित गोदारा की वायरल सोशल मीडिया पोस्ट पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “मैंने फेसबुक पर यह पोस्ट पढ़ी है, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया जा सकता। सोशल मीडिया पर जो कुछ भी लिखा जाता है, वो हर बार सच हो ऐसा ज़रूरी नहीं। हमारे संविधान में सभी को बोलने का अधिकार है, लेकिन इस तरह की हिंसा किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जा सकती।”
फायरिंग की वजह के तौर पर रोहित गोदारा ने खुशबू पाटनी के कथित बयानों को जिम्मेदार ठहराया है। उसका कहना है कि खुशबू ने प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य महाराज पर टिप्पणी की थी, जिसके जवाब में यह हमला किया गया। गोदारा ने लिखा, “जो हमारे धर्म और संतों के खिलाफ बोलेगा, उसके घर पर ठायं-ठायं होगी… ये तो महज एक ट्रेलर था।”
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। दिशा पाटनी के घर के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
यह मामला अब कानून-व्यवस्था और धार्मिक भावनाओं के टकराव का संवेदनशील मुद्दा बनता जा रहा है, जिसकी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।

