भागलपुर,16 सितंबर ( निज संवाददाता) बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में 15 सितंबर से ‘हिंदी पखवाड़ा’ का शुभारंभ हुआ है। यह आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह तथा छात्र कल्याण निदेशक डॉ. श्वेता संभवी के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ है। यह पखवाड़ा 30 सितंबर 2025 तक मनाया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों जैसे हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता, हिंदी कविता पाठ प्रतियोगिता, तथा हिंदी सुलेख प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाएगा।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के छात्र-छात्राएं इन कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेंगे। पखवाड़ा के पहले दिन हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के 20 उत्साही विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता का विषय था – ‘हमारे जीवन में हिंदी का महत्व’। विद्यार्थियों ने इस विषय पर अपने विचारों को निबंध के माध्यम से बड़े ही उत्साहपूर्वक व्यक्त किया। बीएयू के जन संपर्क पदाधिकारी सह अधिष्ठाता डा. राजेश कुमार ने बताया कि यह पखवाड़ा कुल 15 दिनों तक चलेगा और अंतिम दिन प्रतिभागियों को निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन के आधार पर पुरस्कृत किया जाएगा।

