पटना, 16 सितम्बर (निज संवाददाता) पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल में ”हिंदी दिवस 2025” के अवसर पर दिनांक 15.09.2025 से 19.09.2025 तक ”राजभाषा सप्ताह समारोह 2025” का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत आज दिनांक 15.09.2025 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के प्रांगण में मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व मध्य रेल, दानापुर श्री विनोद कुमार के द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया ।

उक्त अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिन्दी दिवस 2025 की शुभकामना देते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद कुमार ने बताया कि विविधता के बावजूद भी राजभाषा हिन्दी हमारी एकता का प्रतीक है । हम प्रतिवर्ष 14 सितंबर को हिन्दी दिवस के रूप मे मनाते आ रहें हैं । मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि दानापुर मंडल ने राजभाषा के प्रयोग – प्रसार मे काफी प्रगति की है । उन्होंने आगे बताया कि मुझे ऐसा लगता है कि पूर्णतया हिन्दी भाषा–भाषी राज्य में स्थित में होने के कारण इस मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा हिन्दी मे अपनी कार्यालयी काम-काज करने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए । उन्होंने अपने संदेश में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शत-प्रतिशत दैनिक कार्यालयी काम-काज हिन्दी में करने की सलाह दी ।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक/इंफ्रा सह अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री राजीव कुमार एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक/ओपी श्री आधार राज सहित मंडल के सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही ।

